New Age Islam
Fri Dec 19 2025, 10:54 AM

Hindi Section ( 2 Jun 2014, NewAgeIslam.Com)

Comment | Comment

Boko Haram Abductors , Killers Are Terrorists and Thus the Worst Enemies of Islam बोको हराम अपहरणकर्ता, हत्यारे और आतंकवादी हैं और इस्लाम व विश्व शांति के सबसे बड़े दुश्मन हैं

 

 

 

 

 

ग़ुलाम ग़ौस, न्यु एज इस्लाम

20 मई, 2014

वर्ष 2009 से आतंकवादी संगठन बोको हराम इस्लामी शिक्षाओं को तोड़ मरोड़ कर पेश करने में सक्रिय रहा है और इस्लाम के सबसे बड़े दुश्मन बनते जा रहे हैं। हाल के कुछ महीनों में इस संगठन ने ईसाई और मुस्लिमों सहित हज़ारों नाईजीरियाई लोगों को बड़ी बेरहमी के साथ मारा है। 14 अप्रैल को आतंकवादी संगठन बोको हराम ने उत्तर पूर्वी बोरनो राज्य के चिबोक गांव से 16 से 18 साल की (रिपोर्ट के अनुसार) 276 स्कूली छात्राओं का अपहरण किया है और इस शर्मनाक घटना के बाद पूरी दुनिया में इस संगठन के खिलाफ आक्रोश का माहौल पैदा हो गया है।

अलक़ायदा, तालिबान और दुनिया भर में कई अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी गुटों के साथ बोको हराम के गहरे सम्बंध हैं। ये सभी संगठन विश्व शांति के दुश्मन हैं। लेकिन अपने जैसी ही विचारधारा रखने वाले सहयोगी दलों के बीच नाइजीरियाई आतंकवादी गुट इसलिए प्रमुख बन गये हैं क्योंकि ये इस्लाम की बदनामी को एक अलग ही स्तर पर ले गये हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह अपहरण की हाल की घटना है जिससे ऐसा लगता है कि उन्होंने इस्लाम और मुस्लिम लड़कियों के अपहरण और उनकी बिक्री के बीच एक कड़ी पैदा कर दी है।

अपनी बेटियों के अपहरण की वजह से नाईजीरियाई माताओं के दर्द और उनके कारुण क्रंदन को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। इन लोगों ने अल्लाह के कीमती उपहार यानि अपनी बेटियों को खो दिया है। दुख, भूख और प्यास से चूर महिलाएं पूरे दिन देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी बेटियों को वापस पाने की आशा की एक किरण का इंतेज़ार कर रही हैं जिनकी "गलती" सिर्फ इतनी थी कि वो स्कूलों में पढ़ती थीं। नौजवान बेटियों की चिंता में इनका दिल बैठा जा रहा है और हर पल इस बढ़ते डर और अनिश्चितता के साथ गुज़र रहा है कि अब वो अपनी बेटियों को दोबारा देख पाएंगी या नहीं। नाइजीरियाई सरकार इस मामले में बहुत देर से जागी है।

इस क्रूर कार्रवाई को अंजाम देने वाले बोको हराम के नेता शेख़ू ने धमकी दी है कि वो इन अपहृत लड़कियों को बेच देगा और उनकी शादी कर देगा क्योंकि "खुदा ने मुझे इन्हें बेचने का निर्देश दिया है वो उनकी मिल्कियत हैं और मैं इस निर्देश को पूरा करूँगा।" युवा लड़कियों के अपहरण और इनकी जबरन शादी के औचित्य को साबित करने के लिए खुदा के नाम का हवाला देनें में शेख़ू कैसा झूठा है। क्या विश्व समुदाय को अब भी ये फैसला करना होगा कि ये कि इस्लाम का खोट है या आतंकवाद का या फिर उन्हें सर्वसम्मति से धरती की भलाई के लिए ऐसे अपहर्ताओं का उन्मूलन करना चाहिए?

बोको हराम का मतलब "पश्चिमी शिक्षा पाप है।" मुसलमानों के ऊपर मंडराने वाला सर्वोपरि रहस्य ये है कि आखिर क्यों  आतंकवादी समूह बोको हराम इस्लाम के नाम पर शिक्षा को रोकना चाहता है जबकि मोहम्मद रसूलुल्लाह सल्लल्लाहू अलैहि वसल्लम पर नाज़िल होने वाला पहला शब्द था "पढ़ें"। इस्लाम मुसलमानों को गोद से लेकर कब्र तक धार्मिक और सांसारिक दोनों ज्ञान को प्राप्त करने का हुक्म देता है। इस्लाम मुसलमान मर्दों को औरतों के प्रति दयालु और उदार होने की शिक्षा देता है। अपहृत छात्राओं और इस्लाम को गंभीर नुकसान के दुख से शोकाकुल मुसलमानों को नियमित मामले के तौर पर सामने आने वाले किसी भी आतंकवादी महत्वकांक्षा को विफल करना चाहिए और बिना एक मिनट भी बर्बाद किए पहले बोको हराम को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए कदम उठाने चाहिए।

बोको हराम ने अपने बुरे कामों को इस्लामी शिक्षाओं से जोड़कर इस्लाम और अल्लाह दोनों का अपमान किया है।  मुस्लिम दुनिया में कई प्रभावशाली लोगों ने इस आतंकवादी संगठन बोको हराम की निंदा की है। मिसाल के तौर पर सुन्नी इस्लाम की सबसे बड़ी संस्था अल-अज़हर युनिवर्सिटी के शेख अहमद अलतैयब ने कहा कि अपहरण "पूरी तरह से इस्लाम और सहिष्णुता के इसके सिद्धांतों का खंडन करता है।"

नाइजीरियाई लड़कियों को बोको हराम उग्रवादियों को 12 डॉलर में बीवी बनाने के लिए बेचा जाना अत्यधिक गैर इस्लामी है। इस्लाम में अपहरण, जबरन शादी और जबरन धर्म परिवर्तन सख्ती के साथ निषिद्ध है। इन अपराधों के अलावा बोको हराम ने अपनी शुरुआत से लेकर अब तक 600 हमले किए हैं जिनमें मुसलमानों और गैर मुसलमानों सहित 3800 से अधिक निर्दोष लोगों की जानें ले चुका है। इन तथ्यों के बावजूद आश्चर्य की बात ये है कि मुस्लिम देश और नाइजीरिया की सरकार अभी भी बोको हराम को खत्म करने में असमर्थ हैं क्योंकि बोको हराम अब भी आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त है।

कई प्रभावशाली इस्लामी विद्वानों का मानना ​​है कि महिलाएं अगर शिक्षित होंगी तो एक विकासशील समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। वो पिता के मुक़ाबले बच्चों को बेहतर तरीके से सिखा और प्रशिक्षित कर सकती हैं, और इस तरह खुशहाल पारिवारिक जीवन और एक समृद्ध समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। लेकिन उत्पीड़न, दमन और शोषण के सबसे बुरे पहलू की तरफ इशारा करना बहुत मुश्किल है जिसकी मार आज दुनिया भर में लड़कियां और विशेष रूप से नाइजीरियाई लड़कियां झेल रही हैं।

बोको हराम जैसे आतंकवादी संगठनों के लिए धर्म का बहाना एक आम बात है। वो शरीयत कानून, कुरान, इस्लाम और जिहाद जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए केवल महिलाओं और युवा लड़कियों का शोषण और अपने राजनीतिक हितों को हासिल करने के लिए शिक्षा को निशाना बना रहे हैं। इस प्रकार के संगठन निर्दोष लोगों की हत्या कर रहे हैं, युवाओं के मन में बुराई के बीज बो रहे हैं और हमारी नाइजीरियाई बहनों का अपहरण कर रहे हैं और ये विश्व शांति के सबसे बड़े दुश्मन हैं। ऐ मुसलमानों और गैर मुस्लिमों! एकजुट होकर बाहर आओ और अपनी बेटियों, अपने जीवन और अपने देश को बचाने के लिए बोको हराम को जड़ से उखाड़ कर फेंक दो, और अगर तुम मुसलमान हो तो ऐसा करना आपके ईमान (विश्वास) का हिस्सा है अगर तुम शांतिपूर्ण गैर मुस्लिम हो तो ये तुम्हारी ज़िम्मेदारी है।

न्यु एज इस्लाम के स्थायी स्तंभ लेखक , ग़ुलाम ग़ौस सूफीवाद और आध्यात्मिकता से जुड़े एक आलिम व फाज़िल (क्लासिकल इस्लामी स्कालर) हैं। उन्होंने दिल्ली स्थित सूफी विचारधारा वाली इस्लामी संस्था जामिया हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया, ज़ाकिर नगर​​, नई दिल्ली से तफ्सीर, हदीस, अरबी और इस्लाम के शास्त्रीय अध्ययन में विशेषज्ञता हासिल की है। उन्होंने आलिमीयत औऱ फ़ज़ीलत क्रमशः जामिया वारसिया अरबी कॉलेज, लखनऊ और जामिया मंज़रे इस्लाम, बरेली, उत्तर प्रदेश से किया है और जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली से वो अरबी में स्नातक हैं।

URL for English article: https://newageislam.com/radical-islamism-jihad/boko-haram-abductors,-killers-terrorists/d/87086

URL for Urdu article: https://newageislam.com/urdu-section/boko-haram-abductors,-killers-terrorists/d/87261

URL for this article: https://newageislam.com/hindi-section/boko-haram-abductors-,-killers/d/87316

Loading..

Loading..